Palamu: जिला प्रशासन ने अवैध चिकित्सीय गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मनातू में संचालित एक अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया है. सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडे के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की.
छापेमारी के दौरान बंद मिला केंद्र
जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक टीम जब मनातू स्थित संबंधित अल्ट्रासाउंड केंद्र पहुंची तो मुख्य द्वार पर ताला लटका मिला. केंद्र संचालक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला. भवन मालिक द्वारा सूचना दिए जाने के बावजूद संचालक मौके पर उपस्थित नहीं हुआ.
मशीन और दस्तावेज बरामद
विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत अधिकारियों की मौजूदगी में केंद्र का ताला खुलवाकर जांच की गई. निरीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड मशीन, मरीजों के अभिलेख, रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए. पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई.
बिना अनुमति संचालन के मिले संकेत
प्रारंभिक जांच में उपलब्ध भौतिक साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर प्रथम दृष्टया बिना वैध अनुमति के अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित किए जाने के प्रमाण मिले हैं. रजिस्टरों की जांच में यह भी संकेत मिला है कि केंद्र पर पिछले कई महीनों से अनधिकृत रूप से अल्ट्रासाउंड जांच की जा रही थी.

PC & PNDT Act के तहत होगी कार्रवाई
निरीक्षण टीम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनातू के चिकित्सा पदाधिकारी, थाना प्रभारी मनातू, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.जिला प्रशासन ने संबंधित संचालक के खिलाफ PC & PNDT Act, 1994 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच भी की जा रही है.प्रशासन का कहना है कि जांच के दौरान यदि इस अवैध गतिविधि में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.”
ALSO READ: आंदोलन कर रहे छात्रों ने JLKM के देवेंद्र महतो गुट को मंच से उतारा, धक्का मुक्की भी हुई
