Ranchi: कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) सतीश झा ने शुक्रवार को रांची स्थित कांके आवास पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान दोनों के बीच झारखंड के समग्र विकास, ऊर्जा और कोयला क्षेत्र की संभावनाओं, खनन गतिविधियों के सतत विकास, स्थानीय रोजगार, कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) तथा जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई.
झारखंड के विकास में कोल इंडिया की भूमिका पर चर्चा
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड देश की ऊर्जा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है. कोल इंडिया राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभा रहा है. उन्होंने कहा कि कोयला क्षेत्र के विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों के हित, रोजगार के अवसर और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी ध्यान रखना जरूरी है.
सतत विकास और CSR पर जोर
बैठक के दौरान खनन गतिविधियों में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, CSR योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को गति देने पर भी विचार-विमर्श किया गया. विधानसभा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि सतीश झा के नेतृत्व में कोल इंडिया उत्पादन, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय विकास के क्षेत्र में और बेहतर योगदान देगा.

सफल कार्यकाल के लिए दी शुभकामनाएं
रवींद्रनाथ महतो ने कोल इंडिया CMD सतीश झा को उनके सफल और यशस्वी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य के विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में कोल इंडिया का सहयोग भविष्य में भी लगातार मिलता रहेगा.
ALSO READ: मनरेगा में 30 हजार घूसखोरी के आरोपी इंजीनियर वरुण रंजन की बढ़ी मुश्किलें, डिस्चार्ज याचिका खारिज
