Ranchi: राज्य में बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), रांची ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. व्यापक साक्ष्यों, दस्तावेजों और विभिन्न व्यक्तियों के दर्ज बयानों के सत्यापन के आधार पर एसीबी ने मामले से जुड़े तीन महत्वपूर्ण व्यक्तियों को 06 अगस्त को उपस्थित होकर अनुसंधान में सहयोग करने के लिए पुनः समन और नोटिस जारी किया है.
अरुणपति त्रिपाठी समेत तीन लोगों से ACB करेगी पूछताछ
श्यामजी शरण: इन्हें पूर्व में भी अनुसंधान में उपस्थित होकर अपनी जानकारी और पक्ष रखने के लिए निर्देशित किया गया था. हालांकि, निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने के कारण उन्हें अब छह अगस्त को हाजिर होने का दोबारा निर्देश दिया गया है.
अरुण पति त्रिपाठी: छत्तीसगढ़ राज्य विपणन निगम लिमिटेड (CSMCL) के पूर्व प्रबंध निदेशक तथा छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में विशेष सचिव रह चुके अरुण पति त्रिपाठी की उपस्थिति को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों, बयानों और साक्ष्यों के आधार पर उनसे विस्तृत पूछताछ कर बयान दर्ज किया जाएगा.

अरुण कुमार सिंह (CEO, Nexgen Solution Pvt. Ltd.): इनसे कंपनी ‘Nexgen’ की भूमिका, उससे संबंधित कार्य, अनुबंधों, वित्तीय लेन-देन तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं के साथ व्यावसायिक संपर्कों को लेकर पूछताछ की जाएगी.
डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन का होगा मिलान
एसीबी के अनुसार, छह अगस्त को होने वाली पूछताछ का उद्देश्य केवल बयान दर्ज करना नहीं है, बल्कि दस्तावेजी साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण करना, इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल सामग्रियों की जांच करना, पूर्व में दर्ज बयानों का आपसी मिलान करके घटनाक्रम की वास्तविक कड़ी को स्थापित करना है.
