Ranchi: खेलगांव थाने से चोरी और साजिश के आरोप में गिरफ्तार मो. असफाक अंसारी उर्फ मो. असफाक (21 वर्ष) पुलिस कस्टडी से फरार हो गया है. आरोपी थाने के बाथरूम के वेंटिलेटर से भागने में सफल रहा. जानकारी के मुताबिक, 31 जुलाई को दोपहर करीब 1:25 बजे थाना परिसर में यह घटना घटी. आरोपी मौलाना आजाद कॉलोनी (नामकुम) का निवासी है और वर्तमान में गाड़ीगांव में किराए पर रह रहा था. हाजत और निगरानी ड्यूटी पर तैनात आरक्षी 186 नीलकंठ कुमार ओहदार ने पुलिस अधिकारियों को सूचित किया कि अभियुक्त बाथरूम जाने के लिए बार-बार जिद कर रहा था। इस पर उसे हाजत से निकालकर बाथरूम ले जाया गया. काफी देर तक अंदर से कोई आहट न मिलने पर जब आरक्षी ने जोर देकर दरवाजा धक्का मार कर खोला, तो आरोपी अंदर गायब था.

वेंटिलेटर के रास्ते फरार होने की आशंका:
आरक्षी द्वारा सूचना दिए जाने के तुरंत बाद थाने में मौजूद सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला. प्रथम ओडी ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर शिवनंदन कुमार द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी के बाथरूम के वेंटिलेटर के जरिए भागने की पूरी आशंका व्यक्त की गई है.
दर्ज हुई एफआईआर, राजेश कुमार को सौंपी गई जांच:
थाना परिसर से आरोपी के भागने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए लिखित शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. मामले की जांच का जिम्मा सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार को सौंपा गया है. पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
