Hazaribagh : शहर के एक चर्चित ब्यूटी पार्लर में डी-टैन कराने पहुंची महिला की करीब 15.5 ग्राम सोने की चेन और दुर्गा माता का लॉकेट रहस्यमय तरीके से गायब हो जाने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने पार्लर संचालक और कर्मचारियों पर चेन वापस नहीं करने आरोप, CCTV फुटेज छिपाने, धमकी देने और समझौते का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले की शिकायत सदर थाना में दर्ज कराई गई है.
डी-टैन से पहले उतरवाई गई थी चेन
ओरिया निवासी और वर्तमान में संप्रेक्षण गृह, हजारीबाग में प्रभारी गृह पिता के पद पर कार्यरत सोनी कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि कल देर शाम वह डी-टैन कराने जावेद हबीब अंडरलुक पार्लर गई थीं. प्रक्रिया शुरू होने से पहले पार्लर की कर्मचारी अनीता कुमारी ने उनसे सोने की चेन सुरक्षित रखने के लिए उतरवा ली. डी-टैन पूरा होने के बाद वह बिल भुगतान कर घर लौट गईं.
अगले दिन चेन नहीं मिली, कर्मचारियों ने किया इनकार
पीड़िता के अनुसार, दूसरे दिन जब उन्होंने चेन नहीं मिलने पर पार्लर पहुंचकर पूछताछ की तो कर्मचारियों ने चेन अपने पास रखने से ही इनकार कर दिया. इससे उन्हें पूरे मामले पर संदेह हुआ और उन्होंने पार्लर प्रबंधन से जवाब मांगा.
CCTV फुटेज दिखाने की मांग पर कैमरा खराब होने की बात
महिला का आरोप है कि उन्होंने घटना की सच्चाई जानने के लिए पार्लर का CCTV फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि कैमरा खराब है. पीड़िता का कहना है कि इससे मामले को छिपाने की कोशिश की जा रही है. घटना के बाद पीड़िता ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पार्लर संचालक से जानकारी ली, जिस पर संचालक ने जांच के लिए कुछ समय मांगा.
धमकी और समझौते का दबाव बनाने का आरोप
सोनी कुमारी का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद पार्लर संचालक और उनके परिजनों की ओर से फोन पर धमकी दी गई. इतना ही नहीं, घर पर लोगों को भेजकर पैसे लेकर मामला रफा-दफा करने का भी दबाव बनाया गया. पीड़िता ने इसे गंभीर आपराधिक कृत्य बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है.

बरामदगी और कार्रवाई की मांग
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से गायब हुई 15.5 ग्राम सोने की चेन और दुर्गा माता का लॉकेट बरामद कराने, CCTV फुटेज की जांच कराने और पूरे मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है.
Also Read : जामताड़ा : भाजपा की आक्रोश रैली के बाद वायरल वीडियो से सियासी हलचल तेज
