Giridih: जिले के गावां-सतगावां मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. हादसा अंतरो पुल के समीप सुबह करीब छह बजे हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के लिए ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

बस से हुई सीधी टक्कर
मृतक की पहचान गावां थाना क्षेत्र के सेरुआ पंचायत अंतर्गत खजिया गांव निवासी मनोज यादव के 17 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार पीयूष अपनी ग्लैमर बाइक से आलमपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही गंगा डीलक्स बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि पीयूष के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गहरी चोटें आईं. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल किशोर को गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. शहंशाह खान ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया. परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बावजूद समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी. मजबूरी में वे गंभीर रूप से घायल पीयूष को बाइक पर बैठाकर ही सदर अस्पताल लेकर निकले, लेकिन जमुआ पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई.

एंबुलेंस मिल जाती तो घायल को मिल सकता था बेहतर इलाज
किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घर में मातम पसरा हुआ है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा गंगा डीलक्स बस को जब्त कर थाने ले गई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है. यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े करता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो घायल किशोर को जल्द बेहतर इलाज मिल सकता था.
ALSO READ: सरायकेला: दलमा में टूरिज्म कॉटेज का उद्घाटन, हाथी-मानव संघर्ष पर मंत्री के बयान से बढ़ा विवाद
