बेंगलुरु से लौटे युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या, सिर काटकर भागे हमलावर, दोस्त गंभीर

Chaibasa: मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत अरगुंडी गांव में अज्ञात अपराधियों ने खूनी वारदात को अंजाम देते हुए एक 35 वर्षीय युवक की...

बेंगलुरु से लौटे युवक की गला रेतकर हत्या
बेंगलुरु से लौटे युवक की गला रेतकर हत्या

Chaibasa: मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत अरगुंडी गांव में अज्ञात अपराधियों ने खूनी वारदात को अंजाम देते हुए एक 35 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से सिर काटकर नृशंस हत्या कर दी. अपराधियों की क्रूरता का आलम यह था कि वे हत्या के बाद मृतक का सिर धड़ से अलग कर अपने साथ ले गए, जिसका पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है.

इस जानलेवा हमले में मृतक का साथी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे हमलावर मृत समझकर झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए. इस वीभत्स घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल व्याप्त है.

नदी से बरामद हुआ बिना सिर का धड़

रविवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीण रोजमर्रा के कार्यों और स्नान के लिए कोटसोना और अरगुंडी गांव के बीच बहने वाली नदी की ओर गए, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. नदी के पानी में एक युवक का बिना सिर वाला धड़ तैर रहा था. घटना की भयावहता तब और बढ़ गई जब ग्रामीणों ने पास की झाड़ियों में एक अन्य युवक को लहूलुहान और अचेत अवस्था में पड़ा देखा.

बेंगलुरु में कार्यरत था मृतक जान जोंकों

मृतक की पहचान अरगुंडी गांव निवासी 35 वर्षीय जान जोंकों गागराई के रूप में हुई है. परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार जान जोंकों ने ITI की पढ़ाई पूरी की थी. वह बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में कार्यरत था. वह लगभग एक महीने पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आया हुआ था. वहीं, हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान उसके दोस्त उदय जामुदा के रूप में हुई है. उदय का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

मानकी और पुलिस को दी गई सूचना

नदी में शव और झाड़ी में घायल युवक को देखते ही ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय मानकी नाजिर जामुदा और मुफस्सिल थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नदी से बिना सिर वाले धड़ को बाहर निकलवाया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं घायल उदय जामुदा को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

10 हमलावरों के शामिल होने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

स्थानीय ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि शनिवार की देर रात इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए लगभग 8 से 10 की संख्या में हमलावर आए थे. उन्होंने पहले दोनों युवकों को घेरा और फिर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. पुलिस फिलहाल घायल उदय जामुदा के होश में आने और उसकी गवाही का इंतजार कर रही है, ताकि हमलावरों की सही पहचान और हत्या के स्पष्ट कारणों का पता लगाया जा सके. मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर कटे हुए सिर की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

ALSO READ: बोकारो: सावन की पहली सोमवारी पर चिड़का धाम के लिए निकली कांवड़ यात्रा, शिवालयों में पूरी हुई तैयारियां

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *