Ranchi/Dhanbad : धनबाद पुलिस ने पिछले माह में कुल 765 पुराने लंबित मामलों का निष्पादन किया है. लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर धनबाद पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कुल 765 पुराने लंबित मामलों में चार्जशीट कोर्ट में समर्पित कर दिया है. इसे न्याय की दिशा में पुलिस का एक मजबूत कदम माना जा रहा है. धनबाद पुलिस के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को तेज करना, पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना और आम जनता को राहत पहुंचाना है. मामलों के निष्पादन के बाद अब न्यायालयों में इन मामलों के ट्रायल की प्रक्रिया में तेजी आएगी.

सुव्यवस्थित रणनीति के तहत काम हुआ
इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए धनबाद पुलिस ने एक सुव्यवस्थित रणनीति के तहत काम किया. सभी पुराने और लंबित मामलों की बारीकी से समीक्षा की गई. केस डायरी को अपडेट किया गया और जरूरी दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया गया. त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग द्वारा विशेष टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई. सभी थाना प्रभारियों के बीच बेहतर तालमेल बिठाकर काम पूरा किया गया.

ALSO READ : 22 अगस्त को होगी हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन चुनाव की काउंटिंग, नो ड्यूज की अंतिम तिथि 5 अगस्त
