Pakur: जिले के स्वास्थ्य प्रशासन को नया नेतृत्व मिला है. डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने जिले के 29वें सिविल सर्जन के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया. उन्होंने निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा से पदभार ग्रहण कर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली.
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, संचारी एवं गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, संस्थागत प्रसव, पोषण, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा.

पारदर्शिता और टीमवर्क को मिलेगी प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही, संवेदनशीलता एवं टीमवर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं विभागीय अधिकारियों के समन्वित प्रयास से आमजन को बेहतर, सहज एवं भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनका लक्ष्य होगा.
