सूर्यकांत कमल
Chatra: अंतर्राज्यीय तस्करों द्वारा बिहार में अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप खपाने की कोशिश को चतरा पुलिस ने अपनी सटीक सूचना तंत्र से विफल कर दिया है. साथ ही करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 37 सौ बोतल विदेशी शराब की खेप को जब्त कर लिया है. सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई के दौरान शराब लदा 12 चक्का ट्रक (UP37T-5050) को भी जब्त कर लिया है. हालांकि इस दौरान ट्रक चालक पुलिस को चकमा देकर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. मामले में सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर चालक, वाहन मालिक व अन्य अज्ञात तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है.
ट्रक चालक ने पेट्रोलिंग टीम को कुचलने का किया प्रयास
सदर थाना में आयोजित प्रेस कांन्फ्रेंस में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक 12 चक्का ट्रक में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर चतरा के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. उन्होंने बताया कि चतरा-जोरी मुख्य मार्ग एनएच 22 पर सेरेगड़ा के समीप वाहन जांच शुरू की गई. इसी दौरान रात करीब 11:15 बजे चतरा शहर की ओर से तेज गति से आता एक संदिग्ध ट्रक दिखाई दिया. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक चालक वाहन को रोकने के बजाय और तेजी से भागने लगा. इतना ही नहीं ट्रक चालक ने पेट्रोलिंग टीम को कुचलने का भी प्रयास किया. गाड़ी को तेज गति से संघरी घाटी की ओर लेकर भागने लगा. इसके बाद पुलिस ट्रक का पीछा करने लगी. इसी दौरान संघरी घाटी के समीप चालक और सह-चालक पकड़े जाने के डर से ट्रक की गति धीमी कर चलती गाड़ी से कूदकर अंधेरे व जंगल का लाभ उठाते हुए मौके से फरार हो गया. एसडीपीओ ने बताया कि चालक के कूदने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. दुर्घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई.
यह भी पढ़ें: JPSC विवाद: कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- छात्रों के आंदोलन का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही भाजपा

फर्जी नंबर प्लेट और जाली दस्तावेज
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में सदर थाना में कांड दर्ज करते हुए चालक, वाहन मालिक एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. जब्त वाहन के केबिन से एक फाइल एवं पर्स, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन संबंधी कागजात मिले है. सभी दस्तावेज बिहार से जुड़े हैं. एसडीपीओ के अनुसार गाड़ी से जब्त दस्तावेज बिहार का है, जबकि गाड़ी राजस्थान की है. वहीं उसमे लगा नंबर प्लेट यूपी का है. एसडीपीओ के अनुसार जब्त ट्रक से Royal Green कंपनी का 750 एमएल का 420 बोतल, 375 एमएल का 378 बोतल, 180 एमएल का 1108 बोतल व Royal challenge कंपनी का 750 एमएल का 275 बोतल, 375 एमएल का 836 बोतल व 180 एमएल का 683 बोतल अवैध शराब जब्त किया गया है. इसका बाजार मूल्य करीब 16 लाख रुपये से अधिक है. छापेमारी दल में एसडीपीओ सन्नी वर्धन के अलावे पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनिल उरांव, एसआई राहुल सिंह, एएसआई रवि रंजन कुमार व प्रवीण कुमार समेत सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल थे.
