Chaibasa: आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को चक्रधरपुर अनुमंडल कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी ने की. बैठक में समारोह की रूपरेखा, ध्वजारोहण कार्यक्रम, परेड, सांस्कृतिक आयोजन तथा सम्मान समारोह से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
ध्वजारोहण कार्यक्रम यथावत रहेगा
बैठक में निर्णय लिया गया कि गत वर्ष निर्धारित ध्वजारोहण कार्यक्रमों में किसी प्रकार का फेरबदल नहीं किया जाएगा. सभी स्थानों पर पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही ध्वजारोहण किया जाएगा.
परेड की तैयारी
अनुमंडल स्तरीय परेड में मारवाड़ी प्लस टू उच्च विद्यालय, महात्मा गांधी उच्च विद्यालय, कार्मेल स्कूल, संत जेवियर्स स्कूल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा कॉन्सेप्ट पब्लिक स्कूल के एनसीसी कैडेट एवं बैंड दल भाग लेंगे. परेड की तैयारी को लेकर विशेष निर्देश देते हुए बताया गया कि 11, 12 एवं 13 अगस्त को सुबह 9 बजे से पोड़ाहाट स्टेडियम में रिहर्सल कराया जाएगा. 13 अगस्त को अनुमंडल पदाधिकारी स्वयं परेड का निरीक्षण करेंगी और उसी दिन ड्रेस रिहर्सल भी आयोजित होगा.
मुख्य समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम
बैठक में यह भी तय किया गया कि अनुमंडल स्तरीय मुख्य समारोह पोड़ाहाट स्टेडियम में ही आयोजित किया जाएगा. ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, जिसमें चक्रधरपुर के अधिकतम 10 चयनित विद्यालयों के प्रतिभागियों को प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा.
मुख्य समारोह स्थल पर राष्ट्रीय गान की जिम्मेदारी मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय को सौंपी गई है. वहीं समारोह स्थल की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं चक्रधरपुर नगर परिषद के अधीन रहेंगी.
शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कहा गया कि सुबह 9:20 बजे से 9:30 बजे तक का समय शहीदों को समर्पित रहेगा. इस दौरान अनुमंडल क्षेत्र में कहीं भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा, ताकि सभी लोग एक साथ राष्ट्र के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें.
बेहतर कार्य करने वालों का होगा सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा. इनमें जनगणना एवं एसआईआर कार्य से जुड़े कर्मी, रक्तदाता, मीडिया कर्मी तथा अन्य उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्ति शामिल रहेंगे. इन सभी को अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सम्मान प्रदान किया जाएगा.
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद गुलाम मुस्तफा हाशमी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कांचन मुखर्जी, अंचल अधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा, नगर प्रशासक विजय सिंह हांसदा, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं मुख्य रूप से उपस्थित थे. बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया.

सुबह साढ़े 10 बजे से होगा अनुमंडल स्तरीय मुख्य समारोह
सुबह साढ़े 10 बजे से पोड़ाहाट स्टेडियम में अनुमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन होगा. पोड़ाहाट स्टेडियम में अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी पूर्वाह्न 10:30 बजे ध्वजारोहण करेंगी.
कब कहां लहराया जाएगा तिरंगा
- अनुमंडल पदाधिकारी का आवासीय कार्यालय: सुबह 08:20 बजे.
- अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी का आवासीय कार्यालय: सुबह 08:30 बजे.
- रेड क्रॉस सोसाइटी: सुबह 08:45 बजे.
- बिरसा मुंडा प्रतिमा पर माल्यार्पण, पोटका: सुबह 08:55 बजे.
- प्रखंड कार्यालय, चक्रधरपुर: सुबह 09:10 बजे.
- बिरसा मुंडा प्रतिमा, प्रखंड कार्यालय के समीप: सुबह 09:15 बजे.
- शहीद स्मारक, जग्गू दीवान: सुबह 09:20 बजे.
- महाराजा अर्जुन सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण: सुबह 09:30 बजे.
- चक्रधरपुर थाना परिसर: सुबह 09:40 बजे.
- चक्रधरपुर नगर परिषद: सुबह 09:50 बजे.
- अनुमंडल कार्यालय, आसनतलिया: सुबह 10:00 बजे.
- पोड़ाहाट स्टेडियम, चक्रधरपुर: सुबह 10:30 बजे.
