गुमला में 03 से 07 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान, जाति, आय, स्थानीय निवासी और EWS प्रमाण पत्र होंगे जारी

Gumla: राज्य सरकार के निर्देशानुसार 03 अगस्त से 07 अगस्त 2026 तक जिले में विशेष अभियान चलाकर नागरिकों को जाति, आय, स्थानीय...

Gumla

Gumla: राज्य सरकार के निर्देशानुसार 03 अगस्त से 07 अगस्त 2026 तक जिले में विशेष अभियान चलाकर नागरिकों को जाति, आय, स्थानीय निवासी तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) प्रमाण पत्र निर्गत और वितरित किए जाएंगे. अभियान के सफल संचालन को लेकर सोमवार को उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में अपर समाहर्ता राजीव नीरज, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए. उपायुक्त ने अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को समयबद्ध और समन्वित तरीके से अभियान संचालित करने के निर्देश दिए.

अपर समाहर्ता राजीव नीरज बनाए गए नोडल पदाधिकारी

उपायुक्त ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए अपर समाहर्ता राजीव नीरज को जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. उनके नेतृत्व में प्रतिदिन अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए आवेदनों के साथ-साथ पूर्व से लंबित सभी आवेदनों का भी शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र आवेदकों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जा सके.

अंचल कार्यालयों और शिविरों में मिलेंगी सुविधाएं

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अंचल कार्यालयों एवं निर्धारित स्थलों पर कार्यालय अवधि के दौरान विशेष शिविर लगाए जाएं. इन शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान का लाभ उठा सकें.उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए.

व्यापक प्रचार-प्रसार पर दिया जोर

बैठक में उपायुक्त ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न माध्यमों से लोगों को अभियान की जानकारी दी जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रह जाए.

प्रतिदिन भेजनी होगी प्रगति रिपोर्ट

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान प्रतिदिन जारी एवं वितरित किए गए प्रमाण पत्रों का समेकित प्रतिवेदन, प्रमाण पत्र संख्या और निर्गत तिथि सहित जिला स्तर से कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड, रांची को निर्धारित प्रारूप में ई-मेल के माध्यम से भेजा जाए.

नागरिकों से शिविरों में पहुंचने की अपील

उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे राज्य सरकार के इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं. जिन लोगों को जाति, आय, स्थानीय निवासी या EWS प्रमाण पत्र की आवश्यकता है अथवा जिनके आवेदन लंबित हैं, वे 03 से 07 अगस्त 2026 के बीच अपने संबंधित अंचल कार्यालय या निर्धारित शिविर स्थल पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर आवेदन करें और प्रमाण पत्र प्राप्त करें. उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित अवधि के भीतर शिविरों में भाग लेकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया.

ALSO READ: पलामू: श्रावणी मेले की पहली सोमवारी पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, विधायक भव्य कलश यात्रा में हुए शामिल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *