Ranchi: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया. सभा को संबोधित करते हुए केशव महतो कमलेश ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन झारखंड की अस्मिता, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए समर्पित किया. उनका सपना केवल अलग झारखंड राज्य बनाना नहीं था, बल्कि ऐसा राज्य बनाना था जहां हर वर्ग को सम्मान, न्याय और विकास के समान अवसर मिलें.

यह भी पढ़ें: छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस प्रभारी के. राजू करेंगे CM हेमंत से मुलाकात, सरकार बना सकती है बातचीत के लिए कमिटी

‘महागठबंधन सरकार दिशोम गुरु के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महागठबंधन सरकार दिशोम गुरु के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस, झामुमो और गठबंधन के अन्य दल सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्ष मूल्यों और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ राज्य के विकास की दिशा में कार्य कर रहे हैं. केशव महतो ने कहा कि वर्तमान समय में संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के सामने कई चुनौतियां हैं. ऐसे दौर में शिबू सोरेन के विचार और उनका संघर्ष समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनकी जनसेवा और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. श्रद्धांजलि सभा में मौजूद नेताओं ने भी शिबू सोरेन के झारखंड आंदोलन और राज्य निर्माण में उनके योगदान को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा और झारखंड के इतिहास में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा.


