Ranchi: JPSC-JSSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच राजनीतिक और सरकारी स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं. जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू बुधवार को रांची पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे और आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर चर्चा करेंगे.

आंदोलन से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने रखेंगे
रांची पहुंचने के बाद के. राजू सबसे पहले प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद वह मुख्यमंत्री से मिलकर छात्रों की मांगों और आंदोलन से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने रखेंगे. कांग्रेस का कहना है कि छात्रों की बात सरकार तक पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है. इससे पहले कांग्रेस के रांची महानगर अध्यक्ष कुमार राजा भी आंदोलन स्थल पर जाकर छात्रों से मुलाकात कर चुके हैं. उन्होंने आंदोलनकारियों की समस्याएं सुनी थीं और भरोसा दिलाया था कि उनकी मांगों को पार्टी नेतृत्व के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा. उधर, सरकार भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है. सूत्रों की मानें तो आंदोलन का समाधान बातचीत के जरिए निकालने की तैयारी चल रही है. इसके लिए सरकार एक संवाद समिति गठित करने पर विचार कर रही है. प्रस्तावित समिति में मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों को शामिल किया जा सकता है. यह समिति छात्रों से सीधा संवाद करेगी, उनकी मांगों का अध्ययन करेगी और सरकार को आगे की कार्रवाई के लिए सुझाव देगी. जानकारी के अनुसार, समिति के गठन को लेकर जल्द फैसला लिया जा सकता है.

AlsoRead:छात्र आंदोलन पर रघुवर दास का हेमंत सोरेन को खुला पत्र, बोले- छात्रों से संवाद करें, CBI जांच कराएं


