Bokaro: DVC बोकारो थर्मल प्रबंधन ने आवासीय कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में बिना वैध कनेक्शन के किए जा रहे बिजली के उपयोग को लेकर मंगलवार को कड़ा रुख अपनाया है.महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एए कुजूर द्वारा जारी एक आधिकारिक नोटिस के माध्यम से क्षेत्र के निवासियों,दुकानदारों,व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे केवल DVC द्वारा प्रदत्त वैध एवं अधिकृत बिजली कनेक्शन का ही उपयोग करें. जारी नोटिस में कहा गया है कि BTPS कॉलोनी व इसके आसपास कई उपभोक्ताओं द्वारा अनधिकृत या अवैध बिजली कनेक्शनों का इस्तेमाल किया जा रहा है.

बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा रहा स्मार्ट मीटर
यह न केवल जन-सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा उत्पन्न करता है,बल्कि इससे बिजली प्रणाली में नुकसान बढ़ता है और ऊर्जा प्रबंधन भी कुप्रभावित होता है. प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत तरीके से बिजली का उपयोग करना विद्युत अधिनियम,2003 के प्रावधानों का सीधा उल्लंघन है.डीवीसी प्रबंधन अपनी प्रचलित नीति और दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र आवेदकों को स्मार्ट मीटर के साथ अधिकृत बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा रहा है.घरेलू अथवा व्यावसायिक प्रयोजनों के लिए नया विद्युत संयोजन प्राप्त करने के इच्छुक आवेदक कार्यालय समय के दौरान BTPS कॉलोनी सब-स्टेशन से संपर्क कर अपनी निर्धारित आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को मार्गदर्शन और सहयोग देने का निर्देश दिया गया है.

ALSO READ: बोकारो: ‘हम आपको सुनते हैं’ कार्यक्रम में 33 मामलों की सुनवाई


