Palamu: जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के गाजी बिहरा गांव में मंगलवार को धान रोपनी के दौरान अचानक हुए वज्रपात से एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में काम कर रहे चार लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद पहुंचाया गया.
इलाज के दौरान गाजी बिहरा निवासी पुष्पा देवी (पति धनंजय पासवान) की मौत हो गई. चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. वहीं बबीता देवी (पति विक्रांत पासवान), प्रेम शंकर पासवान (पिता कमल पासवान) तथा सरिता देवी (पति स्व. छोटेलाल राम) का अस्पताल में उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.

प्रशासन की टीम अस्पताल पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम अस्पताल पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. इस हादसे के बाद गाजी बिहरा गांव में शोक का माहौल है. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है.

ALSO READ: बोकारो: थर्मल में अवैध बिजली कनेक्शनों पर DVC सख्त, मीटर के तहत कनेक्शन लेने के लिए नोटिस जारी


