Koderma: नगर पंचायत, कोडरमा की मासिक बोर्ड बैठक आज दिनांक 06 अगस्त 2026 को नगर पंचायत सभाकक्ष में माननीय अध्यक्ष साजिद हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में माननीय उपाध्यक्ष सोनी कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी शंभू प्रसाद कुशवाहा सभी माननीय वार्ड पार्षदगण एवं संबंधित पदाधिकारी कर्मी उपस्थित रहे. बैठक में नगर विकास एवं जनसुविधाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए.

विस्तार से चर्चा
बैठक में कोडरमा शहरी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत फिल्टर बेड, पम्प हाउस एवं अन्य संरचनाओं की मरम्मत हेतु आवश्यक राशि उपलब्ध कराने के संबंध में प्राप्त पत्र पर विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया. स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कम्युनिटी टॉयलेट (CT), पब्लिक टॉयलेट (PT), Aspirational Toilet, 110 व्यक्तिगत शौचालय के लिए लाभुकों का जांच करने, आम जन हेतु यूरिनल हनुमान मंदिर के पास एवं राज स्वीट्स के पास तैयार करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई एवं योजना तैयार करने का निर्णय लिया गया. बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुरूप उप-नियमों के अनुकूलन एवं अनुमोदन पर विचार करते हुए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया. नगर क्षेत्र में निर्माण एवं विध्वंस (C&D) कचरा के निस्तारण तथा मृत पशुओं के नियमित उठाव की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक निर्णय लिए गए. आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस), 2026 के गरिमामय आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियों एवं विभिन्न विभागों के समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई.

ये शामिल रहें
बैठक में श्रावणी मेला के अवसर पर ध्वजाधारी मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की विशेष साफ-सफाई, आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन, बैरिकेडिंग एवं अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके. बरसात में मच्छर से बचाव के लिए मोटरसाइकिल में रख कर फोगिंग करने के लिए दो फोगिंग मशीन क्रय करने का निर्णय लिया गया. इसके अतिरिक्त माननीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों से प्राप्त विभिन्न आवेदनों एवं सुझावों पर भी विचार-विमर्श कर आवश्यक कार्रवाई का निर्णय लिया गया. नगर पंचायत, कोडरमा ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि बोर्ड बैठक में लिए गए सभी निर्णयों का समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें. इस मौके पर वार्ड पार्षद सचिन कुमार, रफत साहिन, रजिया खातून,गूंजा देवी, अहमद रजा सोनू ,रेणु देवी,शाहिद हुसैन,सीमा कुमारी, रंजीत राम, रिया राज, रंजीत राम,अजीत वर्णवाल, सुप्रिया देवी, नगर प्रबंधक, नगर मिशन प्रबंधक, कनीय अभियंता, विधि सहायक राजस्व निरीक्षक व अन्य कार्यालय कर्मी उपस्थित रहे.

AlsoRead:छह पन्नों के आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने कहा- शर्तों का उलंघन किया तो रद्द हो जाएगी विनय चौबे की बेल

