Giridih: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), बेंगाबाद में जिला समाज कल्याण शाखा, गिरिडीह की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ (BBBP) अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह रोकथाम, साइबर सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया.

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान से हुई. छात्राओं और अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर हरित पर्यावरण और स्वच्छ भविष्य का संदेश दिया. वक्ताओं ने कहा कि जिस तरह पौधों की देखभाल जरूरी है, उसी तरह हर बेटी की शिक्षा, सुरक्षा और विकास भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.

साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके
साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र में छात्राओं को इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी गई. उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर बुलिंग से बचने, व्यक्तिगत जानकारी और OTP साझा नहीं करने की सलाह दी गई. साथ ही मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) अपनाने की जानकारी दी गई. छात्राओं को बताया गया कि साइबर अपराध होने पर 1930 साइबर हेल्पलाइन और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.

बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया
बाल विवाह रोकथाम सत्र में छात्राओं को बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसका बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है. उन्हें बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी देते हुए किसी भी बाल विवाह की सूचना प्रशासन, पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने की अपील की गई.
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में छात्राओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई. इस दौरान छात्राओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण शाखा, गिरिडीह से बिक्कु कुमार यादव, विकास कुमार और नीलम मंडल उपस्थित रहे. उन्होंने छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित डिजिटल जीवनशैली अपनाने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की.
ALSO READ: 1रुपये के प्रीमियम में फसल बीमा, गिरिडीह में किसानों को जागरूक करने निकला रथ

