Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी ) की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांगों को लेकर रांची में आयोजित छात्रों का विधानसभा मार्च हिंसक हंगामे में बदल गया. प्रदर्शन के दौरान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर एक अज्ञात युवक ने स्याही फेंक दी, जिससे मौके पर भारी अफरातफरी मच गई. घटना के तुरंत बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्याही फेंकने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है.

मार्च में उमड़ा जनसैलाब, हाथों में तख्तियां लेकर की नारेबाजी
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों से शुरू हुआ यह मार्च विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ा. इसमें राज्यभर से आए हजारों अभ्यर्थियों और युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर, पोस्टर और तिरंगा थामे “भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली पर रोक लगाओ” जैसे नारे लगा रहे थे. इस आंदोलन को वामपंथी छात्र व युवा संगठनों का व्यापक समर्थन मिला.

मार्च में निम्नलिखित प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए
- ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन
- स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया
- ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन
- रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन
- ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन
- दिल्ली के आंदोलन के बाद रांची पहुंची थीं नेहा बोरा
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों की मांगों को लेकर नेतृत्व करने के बाद AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा विशेष रूप से झारखंड के युवाओं के समर्थन में रांची पहुंची थीं. उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियां सीधे तौर पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और जब तक ठोस सुधार नहीं होते, यह लड़ाई जारी रहेगी.

स्याहीकांड के बाद बढ़ा तनाव, पुलिस अलर्ट पर
घेराव के दौरान हुई स्याही फेंकने की घटना के बाद धरनास्थल और मार्च मार्ग पर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई. प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और असामाजिक तत्वों की उपस्थिति को लेकर नाराजगी जाहिर की. झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने इस घेराव को देखते हुए पहले ही अलर्ट जारी किया था. सुरक्षा बलों की भारी तैनाती के बीच हिरासत में लिए गए युवक से घटना के कारणों और उसके पीछे की मंशा को लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, छात्रों ने स्पष्ट किया है कि ऐसी घटनाओं से उनका आंदोलन रुकने वाला नहीं है.

