Giridih : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय, गिरिडीह स्थित EVM-VVPAT वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की.
वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम, विद्युत आपूर्ति, बीयू हॉल, जनरेटर रूम और अग्निशमन यंत्रों की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने तैनात सुरक्षा बलों के लॉग बुक सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की भी जांच की और संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली.


उपकरणों के नियमित रखरखाव का निर्देश
उपायुक्त रामनिवास यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस में लगे सभी उपकरणों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि EVM और VVPAT की सुरक्षा चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

सुरक्षा बलों को सतर्क रहने की हिदायत
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में तैनात सशस्त्र सुरक्षा बलों को अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि EVM-VVPAT की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी और सतर्कता बेहद जरूरी है.
अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज, निर्वाचन शाखा के अधिकारी और अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे. मासिक निरीक्षण के माध्यम से EVM-VVPAT वेयरहाउस की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा रही है.
ALSO READ: पलामू: अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता जरूरी, विद्यार्थियों को हो कानून का प्रारंभिक ज्ञान

