Bermo: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की बेरमो लोकल कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को बोकारो थर्मल स्थित शाखा कार्यालय में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जानकी महतो ने की. इसमें पार्टी की आगामी गतिविधियों और कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
दिल्ली मार्च को लेकर नहीं मिला निर्देश
बैठक में बोकारो थर्मल शाखा सचिव रामेश्वर साव ने तीन प्रमुख प्रस्ताव रखे. प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए बेरमो अंचल मंत्री ब्रज किशोर सिंह ने बताया कि फिलहाल अंचल स्तर पर दिल्ली मार्च को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक दिशानिर्देश प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि दिशा-निर्देश नहीं मिलने के कारण दिल्ली मार्च को लेकर अभी असमंजस की स्थिति बनी हुई है.

अगस्त भर चलेगी पदयात्रा
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पहले प्रस्तावित 8 से 14 अगस्त तक की पदयात्रा को अब पूरे अगस्त महीने तक जारी रखा जाएगा. पार्टी सदस्यों ने क्षेत्र में जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने पर भी सहमति जताई.

8 अगस्त को लगेंगे फ्लैक्स, 12 अगस्त को होगी पदयात्रा
लंबी चर्चा के बाद बैठक में दो प्रमुख फैसले लिए गए. इसके तहत 8 अगस्त को क्षेत्र में पार्टी की ओर से फ्लैक्स लगाए जाएंगे. वहीं 8 अगस्त और 12 अगस्त को विशेष पदयात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में रेवत लाल महतो, नवीन कुमार पाठक, पप्पू शर्मा, असीम तिवारी, अनिल घांसी, सत्यजीत राय, अर्जुन राम, रामचंद्र ठाकुर, मो. शाहजहां और अमृतलाल महतो समेत कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ALSO READ: MGM अस्पताल में स्तनपान सप्ताह के अवसर पर छात्रों ने बताया मां के दूध का महत्व

