Bokaro: शुक्रवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने सेक्टर 12 स्थित पुलिस लाइन, बोकारो से जिले को आवंटित 39 नए बोलेरो पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.इस अवसर पर आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जिले को इस चरण में 39 नए पुलिस वाहन उपलब्ध कराए गए हैं. इससे पूर्व मार्च माह में भी जिले को 39 वाहन प्राप्त हुए थे. कहा कि इन नए वाहनों के शामिल होने से जिले के सभी पुलिस थानों एवं पुलिस बल की गतिशीलता और कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी. इससे अपराध नियंत्रण, नियमित गश्ती, कानून-व्यवस्था संधारण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी.
बेहतर, त्वरित एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है सर्वोच्च प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस का मूल मंत्र “सेवा ही लक्ष्य” है. इसी भावना के अनुरूप आमजन को बेहतर, त्वरित एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए संसाधनों के जुड़ने से पुलिस जनता की अपेक्षाओं पर और बेहतर ढंग से खरा उतरेगी तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी.कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने नए वाहनों का निरीक्षण किया तथा पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को वाहनों का प्रभावी उपयोग करते हुए बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल के जवान उपस्थित थे.

ALSO READ : बोकारो: भाकपा की बैठक में पदयात्रा और फ्लैक्स लगाने पर सहमति, दिल्ली मार्च पर असमंजस बरकरार


