Ranchi: JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता ऋषिकेश सिंह ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रही है, जबकि राज्य सरकार मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई कर रही है. ऋषिकेश सिंह ने कहा कि JPSC अध्यक्ष इस्तीफा दे चुके हैं और पूरे मामले की CID जांच चल रही है. पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से भी पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि 14वीं JPSC मुख्य परीक्षा को स्थगित किया गया है और जांच के आधार पर आगे भी निर्णय लिए जाएंगे. कांग्रेस प्रवक्ता के मुताबिक, मामले में डिप्टी एग्जामिनेशन कंट्रोलर श्वेता गुप्ता, TDPL के मैनेजर अभय तिवारी उर्फ मनोज तिवारी समेत कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. राज्यभर में छापेमारी जारी है और अब तक 19 लोगों की गिरफ्तारी का दावा कांग्रेस ने किया है. JPSC में लंबे समय से तैनात अधिकारियों को हटाने की कार्रवाई भी की गई है. वहीं JSSC से जुड़े मामलों की भी जांच चल रही है.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: वन विभाग ने हाथी एवं जंगली जानवरों से हुए नुकसान का बांटा मुआवजा, 35 पीड़ितों को मिली राहत राशि

‘कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है’
ऋषिकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस लगातार छात्रों की मांगों को सरकार तक पहुंचा रही है. कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री, यूथ कांग्रेस और NSUI के प्रतिनिधियों ने आंदोलन कर रहे छात्रों से मुलाकात की है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की बात कही है. सरकार ने छात्रों से बातचीत के लिए मंत्रियों का समूह भी बनाया है.

राहुल गांधी ने छात्रों से की बात
ऋषीकेश सिंह ने दावा किया कि राहुल गांधी ने भी आंदोलन कर रहे छात्रों से फोन पर बातचीत की है और उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया है. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. भाजपा को राजनीतिक बयानबाजी और भ्रम फैलाने के बजाय जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए. कांग्रेस पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और छात्रों को न्याय दिलाने के पक्ष में है.

