Newswave Desk: अगर आपकी ट्रेन टिकट RAC या वेटिंग में है, तो खाली सीट जानकारी लेने के लिए अब बार-बार TTE को ढूंढने की जरूरत नहीं है. रेलवे की डिजिटल सुविधा के जरिए अपने यात्री अपने मोबाइल पर ही देख सकते हैं कि ट्रेन के किस कोच मे कौन-सी बर्थ खाली है. यह जानकारी IRCTC Rail Connect ऐप और रेलवे की वेबसाइट पर उपलब्ध डिजिटल चार्ट से देखी जा सकती है.
4 घंटे पहले जारी होता है पहला चार्ट
रेलवे के अनुसार, ट्रेन के रवाना होने से करीब 4 घंटे पहले पहला रिजर्वेशन चार्ज जारी किया जाता है. इसके बाद ट्रेन छूटने से लगभग 30 मिनट पहले दूसरा चार्ट जारी होता है. दूसरे चार्ट के बाद बची हुई खाली सीटों की जानकारी भी अपडेट हो जाती है. IRCTC Rail Connect ऐप में Trains सेक्शन पर जाकर Charts का विकल्प चुनें. इसके बाद ट्रेन नंबर, यात्रा की तारीख और बोर्डिंग स्टेशन की जानकारी भरकर Get Train Chart पर क्लिक करें. इसके बाद कोच के हिसाब से सीटों की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी.

रंगों से समझें खाली सीट की जानकारी
डिजिटल चार्ट में अलग-अलग रंगों के जरिए सीट की स्थिति बताई जाती है. हरे रंग का मतलब है कि बर्थ पूरी तरह खाली है. वहीं दूसरे रंगों से यह पता चलता है कि कोई सीट कुछ खास स्टेशनों के बीच खाली है. इससे यात्री आसानी से समझ सकते हैं कि कौन-सी बर्थ और कितनी दूरी तक उपलब्ध है. हालांकि, चार्ट में सीट खाली दिखने का मतलब यह नहीं है कि यात्री उस पर सीधे जाकर बैठ सकता है. अगर टिकट RAC या वेटिंग में है, तो खाली बर्थ के लिए ट्रेन में मौजूद TTE से संपर्क करना जरूरी है. रेलवे के नियमों के अनुसार, खाली सीट का आवंटन TTE ही कर सकता है. अगर इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क लगता है, तो उसका भुगतान करके TTE से रसीद जरूर लें.

मोबाइल पर मिलेगी पूरी जानकारी
इस सुविधा से यात्रियों को खाली बर्थ की जानकारी पहले से मिल सकेगी और उन्हें सीट के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा. हालांकि, सीट का अंतिम आवंटन TTE ही करेगा. इससे RAC और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों के लिए सफर के दौरान सीट मिलने की प्रक्रिया थोड़ी आसान हो सकती है.
ALSO READ: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की मांगों पर झारखंड सरकार गंभीर, आज मोरहाबादी में होगी दूसरे दौर की वार्ता

