Ranchi: रांची जिला बार एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए घोषणा की है कि 10 अगस्त (सोमवार) से रांची व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता पूर्व की भांति अपने नियमित न्यायिक कार्यों में शामिल होंगे. एसोसिएशन की ओर से इस संबंध में एक आवश्यक सूचना जारी की गई है जिसमें तमाम अधिवक्ताओं से अपने अदालती कामकाज को सुचारू रूप से संचालित करने का आग्रह किया गया है. हालांकि, एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि एसडीओ (SDO) और एक्जीक्यूटिव कोर्ट के कामकाज के बहिष्कार का जो निर्णय पहले लिया गया था वह अनिश्चितकालीन रूप से अगले आदेश तक जारी रहेगा. इन अदालतों में वकीलों की हड़ताल और न्यायिक कार्यों का बहिष्कार यथावत बना रहेगा. सोमवार से वकीलों और वादकारियों की सुविधा के लिए पुराने और नए दोनों बार भवनों के काउंटर पूर्व की तरह दोबारा खोल दिए जाएंगे ये सभी काउंटर नियमित रूप से अपना काम करेंगे जिससे न्यायालयीन प्रक्रियाओं से जुड़े कागजात और अन्य जरूरी कार्यों में आसानी हो सकेगी.

न्यायिक कार्य बहाल होने के बाद भी एसोसिएशन के पूर्व निर्णय प्रभावी
न्यायिक कार्य शुरू करने और दोनों तरफ के काउंटर खोलने के इस बड़े फैसले के अलावा, एसोसिएशन या आमसभा द्वारा पूर्व में लिए गए अन्य सभी निर्देश और निर्णय पहले की तरह पूरी तरह प्रभावी रहेंगे. एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी के सदस्य संजय विद्रोही ने जानकारी देते हुए बताया कि कमेटी ने सभी अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे एसोसिएशन द्वारा पूर्व में लिए गए सभी निर्णयों का पूर्ण अनुपालन करें. साथ ही इस दौरान वकीलों से पूरी एकजुटता और अनुशासन बनाए रखने का भी आह्वान किया गया है ताकि बार की गरिमा और एकता बनी रहे.



