Chaibasa: शहीद निर्मल महतो की जयंती के अवसर पर शनिवार को राखा-आसनतलिया स्थित शहीद निर्मल महतो कुड़मि भवन में एक दिवसीय विशाल ‘श्रद्धांजलि सभा सह रक्तदान शिविर’ का आयोजन किया गया. यह आयोजन मधुसूदन मेमोरियल एजुकेशनल सोसाइटी एवं सरस्वती देवी मेमोरियल एजुकेशनल ट्रस्ट, आसनतलिया के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ.

मानव रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पूर्व विधायक बहादुर उरांव, पूर्व विधायक शशिभूषण सामड, भाजपा नेता विजय सिंह गागराई, प्रताप कटिहार एवं लक्ष्मण महतो ने शहीद निर्मल महतो के चित्र/प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद उपस्थित सभी अतिथियों और लोगों ने शहीद निर्मल महतो को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बहादुर उरांव ने शहीद निर्मल महतो के साथ बिताए संघर्ष के दिनों को याद किया. उन्होंने कहा, “उस दौर में हम सभी पूरी निष्ठा के साथ झारखंड आंदोलन में काम किया करते थे. तब नेताओं की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं होता था.” रक्तदान का महत्व समझाते हुए उन्होंने आगे कहा कि मानव रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं होता. किसी भी इंसान द्वारा किया गया रक्तदान ही दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन या प्रसव के समय जरूरतमंद मरीज की जान बचा सकता है.

रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं छाता प्रदान कर सम्मानित किया गया
शिविर में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने रक्तदान करने वाले युवाओं व लोगों का हौसला बढ़ाया. आयोजकों की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं छाता प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस दौरान एमजीएम जमशेदपुर रक्त संग्रह केंद्र की टीम द्वारा रक्त संग्रहित किया गया. शिविर को सफल बनाने में टेटोमिक कुड़मी समाज, आदिवासी कुड़मी समाज एवं भाषा विकास परिषद का विशेष सहयोग रहा. इस अवसर पर बलराज हिंदुवार, गौरी शंकर महतो, करण महतो, ओम प्रकाश महतो, रामेश्वर महतो, दुर्योधन महतो, खिरो महती, गणेश महतो, रोमित कटिहार, अजय महतो, दीपक महतो, अंकित महतो, सूरज महतो, पिंटू महतो, उमा महतो, बसंत महतो, शंभू चरण महतो सहित समाज के कई अन्य गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे.


