Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली को लेकर (ABVP) छात्र संगठन ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया. यह विरोध मार्च डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ा. मार्च के दौरान छात्रों और पुलिस-प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस बलों द्वारा लगाए गए दो बैरिकेडिंग को उग्र कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया और आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री आवास के समीप स्थित ऐतिहासिक सिद्धू-कान्हू पार्क के पास तक पहुंच गए. छात्रों के अचानक सीएम आवास के करीब पहुंचने और प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने छात्रों को रोक दिया. स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. मुख्यमंत्री आवास और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंगा रोधी दस्तों की तैनाती की गई है.

ALSO READ: रांची में JPSC-JSSC परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ ABVP ने निकाला सीएम आवास मार्च, पुलिस ने रोका



