Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर गम्हरिया थाना क्षेत्र के जामजोड़ा और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा गांव में एक साथ छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान कुल करीब 37 हजार लीटर जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट किया गया. इसमें जामजोड़ा से करीब 25 हजार लीटर और सापड़ा से करीब 12 हजार लीटर जावा महुआ शामिल है.

एक मिनी ट्रक और एक स्कूटी जब्त
वहीं उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से 500 लीटर अवैध महुआ शराब भी जब्त की. अवैध कारोबार में इस्तेमाल हो रहे एक मिनी ट्रक और एक स्कूटी को भी जब्त किया गया है. इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

लगातार जारी रहेगा अभियान
उत्पाद विभाग के SI सोनू कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. उन्होंने लोगों से अपील की, कि अवैध शराब निर्माण की जानकारी मिलने पर तुरंत विभाग को सूचित करें.

यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC आंदोलन को लेकर जामताड़ा में छात्रों की प्रेस वार्ता, निष्पक्ष समाधान की मांग

