Ranchi: रांची पुलिस ने सिल्ली थाना क्षेत्र के जामटोला स्थित इंडस टावर से पावर केबल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल चटर्जी, अंकित कुमार, अभय कुमार पाल और आदित्या साहू के रूप में हुई है.

चोरी की बाइक और तांबे का तार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की बाइक, करीब 11.5 किलोग्राम तांबे का तार और अन्य सामान बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, बरामद सामान चोरी की घटना से जुड़ा हुआ है.

27 जुलाई की रात हुई थी केबल चोरी
बताया गया कि 27 जुलाई 2026 की रात जामटोला स्थित इंडस टावर से अज्ञात चोरों ने पावर केबल काटकर चोरी कर ली थी. घटना के संबंध में इंडस टावर लिमिटेड के तकनीशियन ने मुरी ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.

तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दबोचा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी शाखा की मदद से मोबाइल नंबरों और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया. जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया. पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और इस तरह की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है.
ALSO READ: संघर्ष से सफलता की नई इबारत: राहिल हेम्ब्रम ने हौसले से बदली अपनी तकदीर

