जामताड़ा: जामताड़ा जिले में आयोजित बिरसा मुंडा वॉलीबॉल लीग का सोमवार को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, जामताड़ा में भव्य समापन हुआ. जामताड़ा खेल प्रोत्साहन सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया.प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय परिसर में दीप प्रज्वलित कर विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार स्वर्णकार, सामाजिक कार्यकर्ता आकाश साहू, देवाशीष दास एवं अनीश रंजन ने संयुक्त रूप से किया. अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है
इस अवसर पर प्राचार्य नरेश कुमार स्वर्णकार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. खेलों के जरिए बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है. उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया.
जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं
सामाजिक कार्यकर्ता आकाश साहू ने कहा कि जामताड़ा जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत इन प्रतिभाओं को उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है. उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है. उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी.
खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को उत्साहित किया
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया. रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को उत्साहित किया. जीत के लिए खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना बनी रही.आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों और खेलप्रेमियों के प्रति आभार जताया. आयोजकों ने कहा कि जिले में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रखा जाएगा.बिरसा मुंडा वॉलीबॉल लीग का सफल आयोजन जामताड़ा के ग्रामीण और युवा खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक पहल माना जा रहा है. इससे जिले में वॉलीबॉल को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है.
ALSO READ: जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का लें संकल्प : मंत्री योगेंद्र प्रसाद
