Ranchi: भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आज पूरा राज्य जल रहा है. झारखंड के युवा, छात्र सड़क पर हैं. 7 सालों से जेपीएससी, जेएसएससी की सभी नौकरियां को बेच दिया गया है. छात्रों की मांग के संदर्भ में जब आदित्य साहू और बाबूलाल मरांडी के साथ भाजपा विधायक, मुख्यमंत्री से बात करना चाह रहे थे तो धरना के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. अभी सत्र चल रहा है, विधायकों को सदन की कार्रवाई से दूर रखना अनुचित है.वहीं विधानसभा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा के वरीय नेताओं एवं विधायकों ने विधानसभा जाने के क्रम में छात्रों के मुद्दे पर सीएम से मिलकर वार्ता करना चाहा लेकिन संदेश भेजवाने के बाद भी अंदर से कोई सूचना नहीं दी गई. विरोध स्वरूप हम सभी भाजपा नेता धरना पर बैठ गए. कितनी हास्यास्पद और शर्मनाक है कि सदन चल रहा है और विपक्ष के सभी विधायक को गिरफ्तार कर डिटेन किया गया है, जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण है. युवाओं के हित की बात करने की अगर यही सजा है तो बीजेपी को यह मंजूर है.
नारों से गूंजा राजधानी का इलाका
भाजपा नेताओं का हुजूम हाथों में छात्र से जुड़े मुद्दे एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारे से जुड़ी तख्तियाँ, बैनर और पार्टी के झंडे के साथ बाबूलाल मरांडी और मधु कोड़ा के आवास से मुख्यमंत्री आवास के लिए निकली. इस दौरान भाजपा नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री गद्दी छोड़ो, जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल परीक्षा रद्द करो, भर्ती परीक्षाओं की जांच सीबीआई से कराना होगा, छात्रों को न्याय देना होगा, हेमंत सोरेन हाय हाय, नौकरी चोर गद्दी छोड़, नौकरी के दुश्मन इस्तीफा दो, जागो सरकार होश में आओ भर्ती घोटाले पर जवाब दो, युवा छात्र विरोधी सरकार हाय हाय, नौजवानों का भविष्य बेचना बंद करो, जैसे नारे लगाए जा रहे थे.
कौन- कौन भाजपा नेता थे मौजूद
मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, मनोज यादव, राज सिन्हा, अमित कुमार यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, शशिभूषण मेहता, नागेंद्र महतो, रौशनलाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, कुमार उज्जवल, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह सहित काफी संख्या में भाजपा नेता प्रदर्शन में शामिल थे.
ALSO READ: FCRA को लेकर अमेरिका में भारत के राजदूत ने कहा- ‘बदलावों का मकसद विदेशी फंडिंग में ज्यादा पारदर्शिता लाना’
