Koderma: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में कोडरमा सदर प्रखंड सभागार में स्वास्थ्य विभाग के प्रखंड स्तरीय कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त ने प्रखंड अंतर्गत सभी पंचायतों में अवस्थित स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं कार्यक्रमों की पंचायतवार समीक्षा की.उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत चिकित्सकों, एएनएम, जीएनएम सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता एवं कार्यों की जानकारी ली. इसके उपरांत उन्होंने प्रथम प्रसव से लेकर संस्थागत प्रसव की स्थिति की समीक्षा करते हुए गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. बैठक के दौरान बच्चों के टीकाकरण, टीबी स्क्रीनिंग, एनसीडी स्क्रीनिंग, वीएचएसएनडी, मलेरिया जांच सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित अन्य कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की पंचायतवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की.
स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित समय पर पूरा करें
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए कार्यों में तेजी लाना सुनिश्चित करें. उपायुक्त ने सिविल सर्जन एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई करें. उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया.
अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का दिया निर्देश
साथ ही उपायुक्त ने वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) का बेहतर तरीके से संचालन सुनिश्चित करने तथा इसके माध्यम से मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया. बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रमन, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. मनोज, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, डीपीएम महेश कुमार, डीडीएम पवन कुमार सहित सभी सीएचओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे.
ALSO READ : मानसून सत्र: ध्वनिमत से 8,399 करोड़ का अनुपूरक बजट पास, JAC की जांच की मांग उठी
