Ranchi: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के छात्र पिछले 15 दिनों से अधिक समय से CBI जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. वार्ता के नाम पर सरकार उन्हें टहला रही है. उनकी तबियत खराब हो रही है और सरकार तमाशबीन बनी हुई है. इसी मुद्दे पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सभी विधायक, पदाधिकारी के साथ हम सब मुख्यमंत्री से मुलाकात कर छात्रों की मांगों पर कार्रवाई की मांग करने जा रहे थे. लेकिन हम सबों को आवास के बाहर ही रोक दिया गया और फिर खेलगांव स्थित कैंप जेल में डिटेन कर दिया गया.
सरकार ने खुलेआम नौकरियों को बेचने का काम किया
श्री मरांडी ने कहा कि JPSC और JSSC की नौकरियों को झामुमो-कांग्रेस की सरकार ने खुलेआम बेचने का काम किया है. यह झारखंड के उन लाखों गरीब, दलित, आदिवासी, ग्रामीण और मेहनतकश युवाओं के साथ अन्याय किया है, जो वर्षों तक कड़ी मेहनत कर नौकरी पाने का सपना देखते हैं. झारखंड के छात्रों के साथ हुए इस अन्याय के खिलाफ भाजपा सड़क से लेकर सदन तक हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी और उन्हें न्याय दिलाकर ही रहेगी.
सभी की जांच अदालत की निगरानी में CBI से होनी चाहिए
श्री मरांडी ने कहा कि चाहे जेपीएससी का मामला हो, चाहे JSSC सीजीएल का मामला हो, उत्पाद सिपाही की नियुक्ति हो, चाहे माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों की नियुक्ति हो या फिर 11वीं-14 वीं जेपीएससी का मामला हो, इन सभी की जांच अदालत की निगरानी में CBI से होनी चाहिए. सभी में भारी गड़बड़ी हुई है. सरकार को इस पर संवेदना दिखानी चाहिए और पूरी जांच CBI को सुपुर्द करनी चाहिए. ताकि दोषियों को सजा और छात्रों को न्याय मिल सके.
छात्रों पर लाठीचार्ज की कार्रवाई को क्रूरता और बर्बरता पूर्ण
वहीं नेता प्रतिपक्ष ने झारखंड के छात्रों पर लाठीचार्ज की कार्रवाई को क्रूरता और बर्बरता पूर्ण बताते हुए कहा कि बरस रही हर लाठी झामुमो-कांग्रेस सरकार के ताबूत का आखिरी कील साबित होगी. जितनी क्रूरता और बर्बरता करनी है, सरकार कर ले, लेकिन युवाओं के हौसले के सामने हर दमन पस्त होगा. झामुमो-कांग्रेस सरकार याद रखे, झारखंड के छात्रों पर बरसाई गई हर लाठी का जवाब दिया जाएगा. सरकार की इस तानाशाही का करारा जवाब पार्टी देगी. झारखंड के छात्रों को न्याय दिलाने तक केवल रांची ही नहीं बल्कि पूरे राज्य में हमारा संघर्ष जारी रहेगा.
ALSO READ: लाठी के दम पर छात्रों की आवाज दबाना चाहती है सरकारः आदित्य साहू
