Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

चक्रधरपुर: हैदराबाद जाने के लिए निकला था बबलू, दो दिन बाद नदी में मिला शव

Chakradharpur: चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और शव नदी में मिलने के बाद इलाके में सनसनी...

Chakradharpur: चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और शव नदी में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने दो दिन बाद लौड़िया नदी से युवक का शव बरामद किया. मृतक की पहचान पुरानीबस्ती स्थित पातु कॉलोनी निवासी करीब 35 वर्षीय बबलू लोहार के रूप में हुई है. घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

ट्रेन से हैदराबाद के लिए रवाना हुआ था

परिजनों के अनुसार, बबलू लोहार मजदूरी करने के लिए हैदराबाद जाने की तैयारी में था. गुरुवार को वह ट्रेन से हैदराबाद के लिए रवाना हुआ था. इसी दौरान परिजनों का आरोप है कि बुलो पूर्ति और उसके कुछ साथियों ने उसे ट्रेन से उतार लिया और उसके साथ मारपीट की. मारपीट के बाद बबलू किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी. बताया जाता है कि अगले दिन शुक्रवार को बुलो पूर्ति अपने कुछ साथियों के साथ बबलू के घर पहुंचा. परिजनों का आरोप है कि उसे किसी बहाने से घर से बाहर बुलाकर अपने साथ ले जाया गया. इसके बाद बबलू वापस घर नहीं लौटा. परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.

लौड़िया नदी में मिला शव

इसी बीच दो दिन बाद लौड़िया नदी में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया. शव की स्थिति खराब होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी. बाद में परिजनों ने शव की पहचान बबलू लोहार के रूप में की. मृतक की पहचान होने के बाद परिवार में मातम पसर गया. बबलू की मां कोला लोहार ने बताया कि बबलू उनका इकलौता बेटा था. उन्होंने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि बुलो पूर्ति अपने कुछ साथियों के साथ बबलू को घर से बुलाकर ले गया था, जिसके बाद उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया. हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के आरोप की पुष्टि नहीं की है.

 

पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है

परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बबलू को घर से कौन लोग लेकर गए थे, उसके साथ क्या हुआ और उसकी मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या है. घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ किए जाने की भी संभावना है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस ने परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद पातु कॉलोनी और आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ: बोकारो: एथलेटिक्स मीट में BACC का जलवा, 28 स्वर्ण के साथ बना ओवरऑल चैंपियन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *