Ranchi: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर मंगलवार को सदन के भीतर और बाहर जोरदार हंगामा हुआ. NDA के विधायकों ने परीक्षाओं में धांधली का आरोप लगाते हुए उच्च न्यायालय की निगरानी में CBI जांच की मांग की और नारेबाजी करते हुए सदन के वेल में प्रवेश कर गए.
भाजपा का विरोध और सीबीआई जांच की मांग
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने विधायकों से अपनी सीटों पर लौटने और प्रश्नकाल चलने देने की लगातार अपील की. हालांकि, विपक्ष का विरोध जारी रहने के कारण अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी.
प्रदीप यादव और सत्ता पक्ष का पलटवार
हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने विपक्षी दल पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सदन का समय बर्बाद करने और राज्य में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है. राज्य सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और मामले की जांच राज्य की CID द्वारा तत्परता से की जा रही है. प्रदीप यादव ने कहा कि सत्र आहुत है. कल छात्रों ने विधानसभा का घेराव किया. उन्हें भी विधानसभा से आशा है कि उनका उत्तर मिले. शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन हो रहा था, लेकिन भाजपा द्वारा भेजे गए अराजक तत्वों ने अराजकता फैलाने का प्रयास किया. वहीं प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को वापस भेजने के लिए वाहनों की व्यवस्था की. सरकार पूरे घटनाक्रम को सदन में रखे और वस्तुस्थिति से अवगत कराए.
बता दें, कि विधानमसभा में चल रहे मॉनसून सत्र के चौथे दिन भी JPSC-JSSC को लेकर सदन में जोरदार हंगामा जारी रहा. सदन की कार्यवाही जैसे ही 11 बजकर 7 मिनट में शुरू हुई. विपक्ष ने JPSC-JSSC को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. इस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हो गए. वहीं, इस पर स्पीकर ने बार-बार विधायकों से अपनी सीट पर जाने का आग्रह किया. कहा कि सभी छात्र के हितैषी हैं. स्पीकर के बार-बार आग्रह के बाद भी हंगामा जारी रहा. हंगामा होता देख स्पीकर ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद पर जयराम महतो का सरकार पर हमला, बोले- छात्रों पर लाठीचार्ज शासन की विफलता
