Gumla : फाइलेरिया से गंभीर रूप से प्रभावित मरीजों की जिंदगी को आसान और गतिशील बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक संवेदनशील पहल की है. DC, गुमला के निर्देश पर गुमला सदर प्रखंड के 10 पात्र फाइलेरिया मरीजों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई. व्हीलचेयर पाने वालों में दशमी देवी, घुरु कुजूर, फिरू उरांव, एतवारी देवी, गणेश अहीर, अतीम बीबी, बिरिया टप्पों, ग्रेस लकड़ा, चमरा उरांव और मंगरा उरांव शामिल हैं.
फाइलेरिया से पीड़ित मरीजों को मिली व्हीलचेयर
फाइलेरिया के कारण पैरों में अत्यधिक सूजन और चलने-फिरने में गंभीर कठिनाई का सामना कर रहे इन मरीजों के लिए व्हीलचेयर सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि बेहतर गतिशीलता, गरिमा और आत्मनिर्भरता की नई राह है. यह वितरण प्रखंड विकास पदाधिकारी और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, गुमला के समन्वय से किया गया. मरीजों की पहचान और आवश्यकताओं के आकलन में पिरामल फाउंडेशन की टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया. जिला प्रशासन द्वारा फाइलेरिया से प्रभावित अन्य पात्र मरीजों को भी उनकी आवश्यकता और पात्रता के आधार पर व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास जारी है.
