Giridih: शहर स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान फिजिक्स वाला विद्यापीठ पाठशाला (PW) में बुधवार देर शाम अभिभावकों और संस्थान के प्रतिनिधियों के बीच विवाद और तकरार की स्थिति देखने को मिली. कई अभिभावक संस्थान पहुंचे और उन्होंने अनचाहे लोन शुरू किए जाने तथा तय फीस से अधिक राशि वसूलने का आरोप लगाया. इस दौरान अभिभावकों ने संस्थान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया.
बिना जानकारी लोन शुरू करने का आरोप
अभिभावकों का आरोप है कि संस्थान के कुछ फैकल्टी सदस्यों ने बिना पूर्व जानकारी और सहमति के उनके मोबाइल नंबर पर रजिस्ट्रेशन के नाम पर ओटीपी लिया और लोन की प्रक्रिया शुरू कर दी. कई अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने किसी लोन के लिए आवेदन नहीं किया था और न ही इसकी सहमति दी थी, इसके बावजूद बैंक से जुड़े भुगतान उनके खातों से कट रहे हैं. एक अभिभावक ने आरोप लगाया कि उनके बच्चे ने संस्थान से पढ़ाई छोड़ दी थी, लेकिन इसके बाद भी उनके खाते से फीस की राशि कटती रही. मजबूर होकर उन्हें बच्चे को दोबारा संस्थान भेजना पड़ा.
तय फीस से अधिक राशि वसूलने का आरोप
अभिभावकों ने संस्थान पर तय फीस से अधिक रकम वसूलने का भी आरोप लगाया. उनका कहना है कि शिकायत करने के बावजूद संस्थान की ओर से मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. वहीं, एक अभिभावक ने बताया कि संस्थान में शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होने पर उन्होंने उपभोक्ता न्यायालय में मामला दर्ज कराया है. फिलहाल अभिभावकों की ओर से लगाए गए आरोपों पर संस्थान का पक्ष सामने नहीं आया है. अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है.
ALSO READ: रांची में पोस्टेड जवान की रामगढ़ में हुई मौत, राष्ट्रीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
