Click Here

हजारीबाग: सदर अस्पताल में बिचौलियों पर प्रशासन सख्त, मरीजों को निजी जांच केंद्र ले जाने की शिकायत पर सतर्क रहने की अपील

Hazaribagh : सदर अस्पताल हजारीबाग में मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बिचौलियों की...

Administration strict on middlemen in hospital

Hazaribagh : सदर अस्पताल हजारीबाग में मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बिचौलियों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की है. प्रशासन ने आम लोगों और मरीजों से कहा है कि वे किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएं और यदि कोई व्यक्ति अस्पताल से बाहर निजी जांच केंद्र में जांच कराने के लिए दबाव बनाता है, तो इसकी तत्काल सूचना अस्पताल प्रबंधन या जिला प्रशासन को दें.

इलाज और परामर्श की सुविधा निःशुल्क

जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सदर अस्पताल में मरीजों के लिए सभी प्रकार के इलाज और चिकित्सकीय परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं. वहीं, विभिन्न प्रकार की चिकित्सीय जांचें सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम दरों पर की जाती हैं. प्रशासन के संज्ञान में यह मामला आया है कि कुछ बिचौलियों द्वारा मरीजों और उनके परिजनों को गुमराह कर उन्हें सदर अस्पताल से बाहर स्थित निजी जांच केंद्रों में ले जाने का प्रयास किया जा रहा है. इसे गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा है.

दबाव बनाने वालों की तत्काल दें सूचना

उप विकास आयुक्त ने आम जनता और मरीजों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति बाहर से जांच कराने के लिए दबाव बनाता है या अस्पताल परिसर से निजी जांच केंद्र में ले जाने का प्रयास करता है, तो ऐसे मामलों की सूचना तत्काल अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन को दें. प्रशासन का उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को पारदर्शी और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

शिकायत के लिए जारी किया नियंत्रण कक्ष नंबर

किसी भी प्रकार की शिकायत, सहायता या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने के लिए जिला प्रशासन ने नियंत्रण कक्ष का नंबर 8002592934 जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित किसी भी परेशानी या बिचौलियों की गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना संकोच इसकी सूचना दें. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है. मरीजों और उनके परिजनों से भी प्रशासन ने सहयोग की अपील की है, ताकि सदर अस्पताल में बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके.

Also Read : रांची में पोस्टेड जवान की रामगढ़ में हुई मौत, राष्ट्रीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *