Ranchi: ब्राम्बे मांडर में लोहरदगा लोकसभा स्तरीय कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. इसमें झारखंड प्रभारी के. राजू, संगठन प्रभारी बेला जी, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सांसद सुखदेव भगत, मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान
के. राजू ने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने की अपील की. उन्होंने कहा कि जिन्हें जिम्मेदारी दी गई है, वे ईमानदारी से कार्य पूरा करें. अगले तीन महीने में कार्यों की समीक्षा की जाएगी.
राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का लक्ष्य
संगठन प्रभारी बेला जी ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए अभी से तैयारी जरूरी है. बूथ से लेकर लोकसभा स्तर तक संगठन को सक्रिय कर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया.
परिसीमन और खनिज विधेयक पर सांसद का हमला
सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार के खान-खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि इससे आदिवासियों और राज्य की आय पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है. भूमि सर्वे की विसंगतियों को दूर करने और पेसा कानून को सख्ती से लागू करने की मांग भी उठाई.
ALSO READ: पलामू: विधायक आलोक चौरसिया ने विराट नाग पंचमी मेला का किया उद्घाटन
परिसीमन का करेंगे विरोध
सुखदेव भगत ने कहा कि झारखंड में होने वाले परिसीमन का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी. उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन से आदिवासी सीटों की संख्या प्रभावित हो सकती है. बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया.

