Hazaribagh: आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय के समग्र विकास, सशक्तीकरण और समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक शत-प्रतिशत सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों के बिरहोर टोलों में ग्राम एवं आम सभा शिविर का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में बड़कागांव प्रखंड के सतबहिया बिरहोर कॉलोनी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में शिविर सह आम सभा का आयोजन किया गया.
कई विभागों के अधिकारी हुए शामिल
उपायुक्त कार्यालय की अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण शाखा के निर्देश पर 12 से 18 अगस्त तक चलने वाले कार्यक्रम के तहत शिविर आयोजित किया गया. प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेंद्र कुमार मंडल के नेतृत्व में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, पेयजल एवं स्वच्छता, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, वन, राजस्व, संस्कृति, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों सहित कल्याण विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
समस्याओं की जानकारी लेकर किया समाधान
शिविर में बिरहोर समुदाय के लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई. संबंधित विभागों के अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी. इस दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया. अधिकारियों ने समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी.
बच्चों के साथ अधिकारियों ने किया मध्याह्न भोजन
शिविर के दौरान मौजूद पदाधिकारियों ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ मध्याह्न भोजन किया. इससे बच्चों में काफी उत्साह देखा गया. अधिकारियों ने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली.
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
शिविर में मनरेगा बीपीओ हीरो महतो, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नवीन कुमार, कल्याण पदाधिकारी पंकज गुप्ता, प्रभारी मुखिया राजदेव महतो, बीटीएम श्याम देव कुमार, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका इंदु कुमारी, शिक्षा विभाग से धनंजय दास, सेविका मीना देवी एवं मंजुला राणा, कृषक मित्र रघुनंदन महतो सहित अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे.
ALSO READ: जिन्हें नौकरी मिली, उन्हें पता था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत CID जांच के आधार पर JSSC-CGL नियुक्ति होगी प्रभावित
