Hazaribagh : जिले के किसानों को राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं के तहत अब ब्लॉकचेन आधारित प्रणाली के माध्यम से अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराया जाएगा. बीज वितरण में पारदर्शिता, सुगमता और त्वरित वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने इस तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया है. जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) शुभांकर गुप्ता ने किसानों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की है.

चार योजनाओं के तहत मिलेगा अनुदानित बीज
कृषि विभाग के अनुसार विभिन्न फसलों के आच्छादन के लिए किसानों को बिरसा फसल विस्तार योजना, नेशनल फूड एंड न्यूट्रीशन सिक्योरिटी मिशन, आत्मनिर्भरता इन प्लेसेस और नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल एंड ऑयलसीड्स के तहत अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराया जाएगा.
ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी
अनुदानित दर पर बीज का लाभ लेने के लिए किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराना होगा. इसके लिए किसान अपने संबंधित प्रखंड के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, ATM, BTM और पैक्स (PACS) के सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं. किसान आधिकारिक पोर्टल jharkhandseed.com पर जाकर भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं. पंजीकरण सफल होने के बाद पात्र किसानों को ब्लॉकचेन आधारित प्रणाली के माध्यम से अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराया जाएगा. विभाग का दावा है कि नई व्यवस्था से बीज वितरण में पारदर्शिता आएगी और पात्र किसानों तक योजना का लाभ सुव्यवस्थित तरीके से पहुंच सकेगा.
बिचौलियों से सावधान रहने की अपील
जिला कृषि पदाधिकारी ने जिले के सभी किसानों से यथाशीघ्र पंजीकरण कराने और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है. किसानों को बीज प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का ही पालन करने और किसी भी प्रकार के बिचौलिये के झांसे में नहीं आने की सलाह दी गई है.
Also Read : झारखंड पर गहरा दबाव सक्रिय: भारी बारिश का अलर्ट जारी, तापमान में बदलाव के आसार

