Ranchi: पूरे झारखंड में एक जून से 19 अगस्त तक की अवधि में सामान्य से 10% कम बारिश दर्ज की गई है. पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक बारिश हुई है. यहां सामान्य से 48% अधिक (1034.7 मिमी वास्तविक बारिश) रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, रांची, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में स्थिति संतोषजनक रही है, जहां बारिश सामान्य या हल्की अधिक दर्ज की गई है.

सबसे कम बारिश वाले जिले
पाकुड़ जिला सबसे ज्यादा सूखा प्रभावित दिखा, जहां सामान्य से 53% कम बारिश हुई. इसके अलावा चतरा में 47%, देवघर में 46%, गढ़वा में 46% और कोडरमा में 44% कम बारिश हुई है. रांची मेंइस सीजन में 765.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जो कि सामान्य (718.1 मिलीमीटर) से 7% अधिक है. धनबाद में 663.7 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 7% कम है. वहीं बोकारो में स्थिति थोड़ी कमजोर रही, जहां 472.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 24% कम है.
संथाल परगना और पलामू प्रमंडल की स्थिति
देवघर में 46%, गोड्डा में 28% और पाकुड़ में 53% कम बारिश हुई है.जामताड़ा में 18% और साहिबगंज में 19% की कमी है. वहीं पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे पलामू प्रमंडल के जिलों में मानसून पूरी तरह मेहरबान नहीं हुआ है. पलामू में 29% कम, गढ़वा में 46% कम और चतरा में 47% कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे इन इलाकों में खेती-किसानी पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.
AlsoRead:झारखंड पर गहरा दबाव सक्रिय: भारी बारिश का अलर्ट जारी, तापमान में बदलाव के आसार

