रोहित शेट्टी के बाद अब रणवीर सिंह को मिली धमकी, जांच में जुटी मुंबई क्राइम ब्रांच

Entertainment News: बॉलीवुड इंडस्ट्री में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब फिल्म धुरंधर के एक्टर रणवीर सिंह को धमकी भरा मैसेज मिला. एक्टर रणवीर सिंह को मंगलवार को एक व्हाट्सऐप वॉयस नोट मिला, जिसमें करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई है. मामले की जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है.

व्हाट्सऐप वॉयस नोट से दी गई धमकी

धमकी मिलने के बाद तुरंत मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी गई. पुलिस उस शख्स की तलाश में जुटी है, जिसने यह वॉयस नोट भेजा है. हालांकि, अभी तक रणवीर सिंह या उनकी टीम की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. एहतियात के तौर पर अभिनेता के घर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है.

रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग

यह मामला उस घटना के कुछ दिन बाद सामने आया है, जब 31 जनवरी की देर रात जुहू स्थित रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग हुई थी. उस समय रोहित शेट्टी घर पर मौजूद थे, लेकिन इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. पुलिस ने इस केस में पुणे से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है.

काम के मोर्चे पर रणवीर सिंह

वर्क फ्रंट कि बात करें, तो रणवीर सिंह इन दिनों जबरदस्त सफलता का जश्न मना रहे हैं. उनकी स्पाई थ्रिलर फिल्म Dhurandhar ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया और दुनियाभर में 1300 करोड़ से ज्यादा की कमाई की.

अब इसकी अगली कड़ी Dhurandhar 2: The Revenge हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में 19 मार्च को रिलीज होने वाली है. फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. खबर है कि अक्षय खन्ना भी फ्लैशबैक सीन में दिखाई दे सकते हैं.

सुरक्षा के साए में सितारे

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग और रणवीर सिंह को मिली धमकी ने फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और किसी भी खतरे से निपटने के लिए सतर्क है.