रांची: शहर के अरगोड़ा और पुंदाग थाना क्षेत्र में स्नैचरों की सक्रियता बढ़ गई है. दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की दो घटनाएं सामने आई हैं. पहली घटना पारस भवन, पारस अपार्टमेंट के पास रहने वाली अनु सिंह के साथ हुई. यह घटना सोमवार, 10 फरवरी की है. पीड़िता ने अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
बच्चों को स्कूल से लाकर पहुंचीं घर, तभी हुआ हमला
अनु सिंह अपने पुत्र और पुत्री को विद्यालय से स्कूटी पर लेकर घर लौटी थीं. दोपहर करीब 1:49 बजे जब उनका बेटा घर का दरवाज़ा खोलने अंदर गया, उसी दौरान वह दरवाज़े के पास खड़ी थीं. तभी अचानक बाइक सवार दो स्नैचर उनके पास पहुंचे. पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों मौके से फरार हो गए.
डेढ़ लाख की चेन ले उड़े बदमाश
छिनी गई चेन की कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़िता के अनुसार बाइक चला रहा युवक काले रंग की जैकेट पहने था, जबकि पीछे बैठा युवक सफेद स्वेटर में था। महिला ने बताया कि वह दोनों को पहचान सकती हैं। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
दूसरी घटना पुंदाग में
वहीं दूसरी छिनतई की घटना राजलक्ष्मी नगर, पुंदाग निवासी प्रियंका सिंह (36 वर्ष) के साथ हुई. 11 फरवरी को वह अपनी बेटी को स्कूल बस से लेकर स्कूटी से घर लौट रही थीं.
चलती स्कूटी से झपटी चेन
दोपहर करीब 2:21 बजे, अमन शिखर ग्रीन सिटी, पुंदाग के पास पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक आए और चलते-चलते ही महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. घटना के बाद महिला ने स्कूटी रोककर शोर मचाया और आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन वे तेजी से भाग निकले और उनका कोई सुराग नहीं मिल सका.
