Entertainment News: फिल्म धुरंधर की जबरदस्त सफलता के बाद अब खबर आई है, कि एक्टर रणवीर सिंह ने फिल्म Don 3 से खुद को अलग कर लिया है. हालांकि, इस पर रणवीर की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर ने निर्देशक फरहान अख्तर की इस फिल्म को क्रिएटिव मतभेदों के चलते छोड़ा. बताया जा रहा है कि स्क्रिप्ट को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई.
40 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा
Variety India की रिपोर्ट के अनुसार, Excel Entertainment का कहना है कि रणवीर सिंह के प्रोजेक्ट छोड़ने से कंपनी को करीब 40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. इसी वजह से प्रोडक्शन हाउस रणवीर से मुआवजे की मांग कर रहा है. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इस आर्थिक झटके के चलते एक्सेल एंटरटेनमेंट को कुछ विभागों के प्रमुखों को काम से हटाना पड़ा है और उन्हें दूसरी जगह काम तलाशने को कहा गया है.
रणवीर का पक्ष क्या है?
रणवीर सिंह ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि वे किसी भी तरह का मुआवजा देने के लिए बाध्य नहीं हैं. एक सूत्र के मुताबिक, “रणवीर स्क्रिप्ट से संतुष्ट नहीं थे. उन्होंने कई बार बदलाव की मांग की, लेकिन फाइनल ड्राफ्ट उन्हें पसंद नहीं आया. इसी वजह से उन्होंने फिल्म छोड़ने का फैसला किया.” वहीं, एक्सेल एंटरटेनमेंट का दावा है कि रणवीर की सहमति के बाद ही फिल्म की प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया शुरू की गई थी.
बैठक हुई, लेकिन नहीं निकला समाधान
रिपोर्ट के अनुसार, इस विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच लंबी बैठक भी हुई, लेकिन किसी ठोस नतीजे पर सहमति नहीं बन सकी. मामला लगातार उलझता नजर आ रहा है.
प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने की एंट्री
अब खबर है कि Producers Guild of India ने इस मामले में दखल दिया है. गिल्ड दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता कर विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रही है, ताकि मामला और न बढ़े.
पहले भी हो चुका है ऐसा विवाद
गौरतलब है कि साल 2025 में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जब अक्षय कुमार और परेश रावल के बीच फिल्म Hera Pheri 3 को लेकर विवाद हुआ था. उस समय अक्षय कुमार की प्रोडक्शन कंपनी ने परेश रावल के खिलाफ 25 करोड़ रुपये का मुआवजा मांगते हुए कानूनी कार्रवाई की थी.
‘धुरंधर पार्ट 2’ में नजर आएंगे रणवीर
विवादों के बीच रणवीर सिंह अब अपनी अगली फिल्म ‘धुरंधर: पार्ट 2’ की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं. इस फिल्म में उनके किरदार जस्कृत सिंह रंगी की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा, जो पाकिस्तान में हमजा अली मजारी की पहचान के साथ रह रहा है. फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
