Entertainment News: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव 5 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में 5 फरवरी को दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर चुके हैं. वहीं, सरेंडर से पहले अदालत में दिया गया उनका भावुक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. अदालत में राजपाल यादव ने कहा, "सर, मैं क्या करूं. मेरे पास पैसे नहीं हैं. मुझे कोई रास्ता नहीं दिख रहा. यहां हम बिल्कुल अकेले हैं. मुझे इस समस्या से खुद ही निपटना है."
इंडस्ट्री ने बढ़ाया मदद का हाथ
राजपाल यादव के बयान के वायरल होने के बाद बॉलीवुड से कई बड़े नाम उनके समर्थन में सामने आए हैं. राजपाल यादव के मैनेजर बेल गोल्डी ने The Indian Express से बातचीत में बताया, कि बॉलीवुड के कई प्रमुख हस्तियों ने मदद की पेशकश की है. गोल्डी के अनुसार, सोनू सूद, सलमान खान, अजय देवगन और वरुण धवन समेत कई सितारों ने कॉन्टेक्ट कर सहयोग का आश्वासन दिया है. उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने हाल ही में निर्देशक डेविड धवन से बात की है. इसके अलावा रतन नैन जैसे नाम भी मदद के लिए आगे आए हैं. मैनेजर ने कहा कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री राजपाल यादव के साथ मजबूती से खड़ी है. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की प्रक्रियाएं रातों-रात पूरी नहीं होतीं.
क्या राजपाल यादव को मिलेगी जमानत?
मैनेजर गोल्डी ने उम्मीद जताई है, कि राजपाल यादव को जल्द ही जमानत मिल सकती है. उन्होंने बताया कि उनकी जमानत याचिका पहले ही दायर की जा चुकी है और इस पर सुनवाई 12 फरवरी को होगी. सुनवाई के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी.
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने भी बढ़ाया साथ
सूत्रों के अनुसार अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी अपने पुराने दोस्त राजपाल यादव की चुपचाप मदद कर रहे हैं. बताया जा रहा है, कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने पहले भी अपने मित्र की आर्थिक सहायता की थी. सूत्रों के मुताबिक उन्होंने पहले करीब 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद की थी और इस बार भी बिना किसी प्रचार के समर्थन दे रहे हैं.
मुश्किल वक्त में मिला सितारों का सहारा
राजपाल यादव के लिए यह समय बेहद चुनौतीपूर्ण है, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री का समर्थन उनके लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया है. अब सभी की नजर 12 फरवरी की जमानत सुनवाई पर टिकी है, जिससे उनके आगे की राह तय होगी.
