Koderma: कोडरमा-गिरिडीह जिले के सीमावर्ती क्षेत्र स्थित मरकच्चो-राजधनवार थाना क्षेत्र के घोसकेडीह गांव में शनिवार अपराह्न वज्रपात की चपेट में आने से एक 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर घायल हो गया. मृतक की पहचान प्रकाश यादव के पुत्र अभिनीत कुमार उर्फ विशाल कुमार के रूप में हुई है. वहीं घायल किशोर की पहचान महेश यादव के 13 वर्षीय पुत्र सतीश यादव के रूप में की गई है.
स्कूल से लौटकर दोस्तों संग गया था जामुन तोड़ने
मृतक की मां मुन्नी देवी ने बताया कि शनिवार दोपहर अभिनीत स्कूल से घर लौटा था. उसने स्कूल की यूनिफॉर्म भी नहीं बदली थी और दोस्तों के साथ घर के पास स्थित जामुन के पेड़ पर जामुन खाने के लिए चला गया. इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुई और दोनों किशोर उसकी चपेट में आ गए.
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद साथियों ने शोर मचाकर परिजनों को बुलाया. परिजन दोनों को तत्काल मरकच्चो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां चिकित्सकों ने अभिनीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं सतीश यादव की स्थिति सामान्य होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया.
परिवार में पसरा मातम
अभिनीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अभिनीत गांव के विद्यालय में कक्षा सातवीं का छात्र था. वह दो भाई और दो बहनों में शामिल था. उसके पिता प्रकाश यादव खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
ALSO READ : गुमला: निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान, नशामुक्त जीवन पर जोर



