-
करीब ढाई घंटे क़ी मशक्क्त के बाद गैस कटर से निकाला गया शव
Seraikela: हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग के रोला-खैरबनी के समीप शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे हाइवा और ट्रेलर में हुए भीषण टक्कर में हाइवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना में बिहार के जमुई कुमार गांव निवासी हाइवा चालक दिनेश राम (40) केबिन में बुरी तरह फंस गया. घंटों मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से शव को बाहर निकाला गया. पुलिस ने क्रेन मंगवा कर दोनों वाहनों को बीच सड़क से हटाकर किनारे किया. तब तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे घंटों तक आवागमन बाधित रहा. प्रत्यक्षदर्शियों के हाइवा (जेएच 05 ईए 1517) चाईबासा से हाता की ओर काफ़ी तेज रफ्तार से आ रही थी. इसी दौरान रोला खैरबानी समीप चाईबासा की ओर जा रही ट्रक (सीजी 04पीसी 1604) से भीड़ गई. दोनों वाहनों में टक्कर इतनी भयानक थी कि टकराने क़ी आवाज अगल बगल के गांवों तक सुनाई दी. हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही पिचक गया. हादसे के बाद रोला व खैरबनी के गांव के ग्रामीण दौड़े चले आए. लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. ग्रामीणों ने घायल ट्रक चालक गुलाब महतो को बाहर निकाला. उसे ज्यादा चोट नहीं लगी थी. उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर भिजवाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद उसे छोड़ दिया गया. घायल ट्रक चालक ने खुद को रामगढ़ के गोला प्रखंड का निवासी बताया.
यह भी पढ़ें: वृद्धाश्रम पहुंचे उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, बुजुर्गों संग बिताए भावुक पल, फल-मिठाई बांटकर बढ़ाया उत्साह


केबिन में फंसा रहा हाइवा चालक का शव
वहीं पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने केबिन में फंसे हाइवा चालक को बाहर निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन चालक का पैर वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से में बुरी तरह फंसा होने के कारण काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा. अंततः घंटों मशक़्कत के बाद करीब 5 बजे शव को बाहर निकाला गया. इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया. वहां परिजन पहुंचे और पोस्टमार्टम क़ी प्रक्रिया पूरी कर शव को अपने गांव ले गए.
यह भी पढ़ें: पुश्तैनी जमीन पर कब्जे और रंगदारी मांगने का आरोप, सहायक नगर आयुक्त समेत कई लोगों के खिलाफ शिकायत
