रांची: कुख्यात अपराधी राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर एके- 47 समेत कई हथियारों का फोटो पोस्ट किया है. इसके बाद उसने आगे लिखा है कि वेट करो माहौल देखने लायक होगा, टारगेट को बात करके मारेंगे और 24 घंटा पहले स्टोरी भी लग जाएगा. उल्लेखनीय है कि कुख्यात अपराधी राहुल सिंह के खिलाफ इंटरपोल की मदद से ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है. यह कार्रवाई झारखंड सीआईडी के अनुरोध पर सीबीआई की सहायता से की गई है. राहुल सिंह का दावा करता है, कि अमन साहू के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद गिरोह का नेतृत्व वही संभाल रहा है.

पुलिस ने राहुल सिंह के कई गुर्गों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है:
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राहुल सिंह का गिरोह पलामू, रांची, रामगढ़, बोकारो, चतरा, हजारीबाग और लातेहार जिलों में सक्रिय है. विदेशी ठिकाने से वह अपने गुर्गों को रंगदारी वसूलने, कोयला कारोबारी और रेलवे साइडिंग पर हमले करने के आदेश देता है. जो लोग रंगदारी नहीं देते, उन्हें विदेश से बैठकर ही धमकाया जाता है. हाल ही में पुलिस ने राहुल सिंह के कई गुर्गों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है.
झारखंड में अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी:
झारखंड सीआईडी के अधिकारियों के अनुसार सीबीआई की मदद से इंटरपोल को ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने का अनुरोध किया गया था, जो अब मंजूर हो चुका है.इसकी मदद से अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसियां राहुल सिंह की पहचान और उसके अपराधी नेटवर्क की जानकारी जुटाएंगी.इस कार्रवाई से राहुल सिंह की गिरफ्तारी के लिए रास्ता आसान होगा और झारखंड में अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी.
