palamu : पलामू से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां काम पर निकला एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है. युवक के अचानक गायब हो जाने के बाद से परिवार में चिंता और भय का माहौल है. पीड़ित परिवार ने चैनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर युवक की जल्द तलाश की मांग की है. जानकारी के अनुसार, गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत रक्सी गांव निवासी रमेश राम (पिता- रामब्रत राम) वर्तमान में पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के समीप अपने परिवार के साथ रह रहे थे. रमेश राम रोज की तरह शहर के लक्ष्मी मार्केट स्थित गौतम प्रेस के बगल में काम करने गए थे. उनकी पत्नी संजू देवी के अनुसार, 12 जून 2026 की सुबह भी वे काम के लिए घर से निकले थे.
12 जून से लापता है रमेश राम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बताया गया कि शाम करीब 7:30 बजे काम समाप्त होने के बाद रमेश राम दुकान से घर के लिए रवाना हुए, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे. परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका. मोबाइल फोन पर संपर्क करने की भी कोशिश की गई, मगर सफलता नहीं मिली. रमेश राम की पत्नी संजू देवी ने बताया कि उनके पति परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य हैं. उनके अचानक लापता हो जाने से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और किसी अनहोनी की आशंका से सभी चिंतित हैं. आखिरकार 14 जून 2026 को पीड़ित पत्नी ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर अपने पति की खोजबीन की गुहार लगाई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. वहीं परिजनों ने भी आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को रमेश राम के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या परिवार को सूचित करें.
Also Read : तीन दिवसीय राजकीय कृषि मेले का कल से आगाज, कृषि मंत्री ने किया स्थल निरीक्षण



